जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मंगलवार देर शाम शहर की नदियों पर बने पुल तिरंगे रंग से जगमगा उठे। देर रात तक पुल में फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही थी। तिरेंगे लाइट की यह खूबसूरती हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।
कोटद्वार शहर में नदियों के ऊपर बने सात पुलों पर करीब एक करोड़ 29 लाख की लागत से यह एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। मंगलवार देर शाम विधानसभा अध्यक्ष ने तिरंगे रंग की लाइटों का शुभारंभ सुखरो पुल पर स्विच ऑन कर किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पूर्व शहर के पुलों को तिरंगे के रंग में रंगा गया है। कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-337 के अंतर्गत, राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत इस परियोजना को प्रशासनिक वर्ष में शासन से अनुमोदन प्राप्त कराया गया था। जिसके बाद कार्य प्रारम्भ हुआ और आज यह सफलता पूर्वक पूर्ण हुआ है। कोटद्वार के मालन, सुखरो, सिद्धबली, ग्रास्टनगंज, बीएल, गुल्लरझाला व गाड़ीघाट पुल पर देर रात तक फोटो खिंचवाने वालों की भीड़ लगी हुई थी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, नगर आयुक्त पीएल शाह, मण्डल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, पार्षद प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी आदि मौजूद रहे।