पूर्व सैनिक, वीर नारियों और आश्रितों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट केंद्र, लैंसडाउन द्वारा शनिवार को कोटद्वार स्थित विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों के लिए एक व्यापक कल्याण रैली का सफल आयोजन किया गया। इस सफल और व्यापक आयोजन ने एक बार फिर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट केंद्र की पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को मजबूत किया। इस अवसर पर 1965, 1971, 1999 और अन्य सैन्य अभियानों में राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान देने वाले विशिष्ट पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट केंद्र, लैंसडौन के कमांडेंट, ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। रैली का मुख्य उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना था। रैली को संबोधित करते हुए कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने गौरवशाली भारतीय सेना के सदस्य के रूप में भूतपूर्व सैनिकों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि लैंसडौन से मोबाइल हॉस्पिटल कुछ ही दिनों में शुरू किया जाएगा। उन्होंने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गढ़वाल राइफल्स अभिलेख कार्यालय, बी.ई.जी. रिकाड्र्स रूड़की, सेना चिकित्सा कोर, सेना भर्ती कार्यालय, सेना भर्ती पुनर्वास कार्यालय, ईसीएचएस कार्यालय कोटद्वार, स्पर्श, भुल्ली सशक्तिकरण, वार मेमोरियल बॉयज एंड गल्र्स हास्टल, देहरादून जैसे सैन्य विभागों के अलावा राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, पर्यटन विभाग और बैंकों सहित आदि स्टॉल लगाए गए, जिसमें भारी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों व आश्रितों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।