रुड़की()। चार दिन बाद रविवार को चटक धूप निकली। धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिल गए। लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। वहीं पार्क और छतों पर बैठकर लोगों ने धूप का आनंद लिया। पिछले कुछ दिन से लगातार कोहरा होने से धूप नहीं निकल रही थी। लोग दिनभर अपने घरों में कैद रहने को मजबूर थे। धूप न निकलने से घरों में कपड़े तक नहीं सुख रहे थे। ठंड के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन रविवार को मौसम बदला-बदला नजर आया। सुबह के समय हल्का कोहरा था। सुबह नौ बजे तक कोहरा पूरी तरह से छट गया और धूप निकल आई। धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने कपड़े धोकर उन्हें छत पर सुखाया। रविवार का अवकाश होने के चलते लोगों ने परिवार सहित छत पर बैठकर धूप का आनंद लिया। अनेक लोग बच्चों के साथ घूमने के लिए पार्क में भी गए। बाजारों में भी खासी रौनक नजर आई। रविवार को अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया।