.सड़क के बीच टूटा चैंबर, हादसों का अंदेशा

Spread the love

मालगोदाम-स्टेडियम रोड पर बीच सड़क में खुला है चैंबर
शिकायत के बाद भी नगर निगम चैंबर मरम्मत की नहीं ले रहा सुध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: यदि आप मालगोदाम-स्टेडियम के मध्य सफर कर रहे है तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, उक्त मार्ग पर बीच सड़क पर खुला चैंबर कब आपको चोटिल कर दें कुछ कहा नहीं जा सकता। शिकायत के बाद भी नगर निगम क्षतिग्रस्त चैंबर मरम्मत की सुध नहीं ले रहा है।
कुछ वर्ष पूर्व नगर निगम ने गाड़ीघाट तिराहे पर एकत्र होने वाले वर्षा जल की निकासी के लिए गाड़ीघाट तिराहे से खोह नदी के मध्य सड़क खोदकर पाइप बिछा दिए। सड़क निर्माण के दौरान नाले की सफाई के लिए कुछ स्थानों में नाले के ऊपर लोहे के ढक्कन लगा दिए। सड़क पर लगातार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। साथ ही इस सड़क के दोनों ओर चार स्कूल भी हैं, जहां पढ़ने वाले बच्चे भी इसी सड़क से आवाजाही करते हैं। साथ ही सनेह क्षेत्र की हजारों की आबादी भी इस सड़क से ही आवाजाही करती है। हैरानी की बात है कि खनन के ओवरलोडेड डंपर भी इसी सड़क से बाजार की ओर आते है। भारी-भरकम वाहनों की आवाजाही से नाले के ऊपर बने लोहे के ढक्कन बार-बार टूट रहे है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पिछले कई दिनों से इस नाले के एक चैंबर का ढक्कन टूटा हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि टूटे हुए ढक्कन को ठीक करवाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को बता दिया है, लेकिन अभी तक उक्त टूटे हुए ढक्कन को ठीक नहीं करवाया गया है। इधर, नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने बताया कि जल्द ही चैंबर में नया ढक्कन लगा दिया जाएगा।

अंधेरे में बना है खतरा
मालगोदाम-स्टेडियम के मध्य खुले चैंबर से सबसे अधिक दुर्घटनाओं का अंदेशा रात के अंधेरे में बना हुआ है। दरअसल, अंधेरा होने के बाद सड़क के बीच खुला यह चैंबर दिखाई नहीं देता। जिससे लगातार हादसें भी हो रहे हैं। कुछ दिन पूर्व एक साइकिल चालक चैंबर की चपेट में आने से चोटिल भी हो गया है। बावजूद इसके नगर निगम अपनी जिम्मेदारियों को लेकर लापरवाह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *