पुलिया की टूटी रैलिंग, हादसों का अंदेशा

Spread the love

राष्ट्रीय राजमार्ग कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य आमसौड के समीप बनी है समस्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आमसौड़ के पास पुलिया की रैलिंग टूटी हुई है। विभाग की ओर से दुर्घटना के खतरे को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग से आवाजाही करने वालों को खतरा बना हुआ है।
करीब एक दशक पूर्व हाईवे पर आमसौड़ के पास पुलिया का निर्माण कराया गया था। तब सुरक्षा को लेकर पुलिया के दोनों ओर रैलिंग लगाई गई थी। करीब एक माह पूर्व एक वाहन की टक्कर लगने से पुलिया की रैलिंग टूट गई, जिससे यहां वाहनों के खाई में गिरने का खतरा बना हुआ है। उक्त हाईवे पर पौड़ी जिला मुख्यालय, पर्यटन नगरी लैंसडौन, ताड़केश्वर और चार धाम यात्रा के वाहनों का दबाव रहता है। करीब एक महीने से टूटी हुई रैलिंग के पास से खतरे में वाहन गुजर रहे हैं, लेकिन पुलिया की सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय निवासी सुदर्शन सिंह, राजेंद्र कुमार, मुकेश सिंह ने कहा कि करीब एक महीने से पुलिया की रैलिंग टूटी हुई है। कई बार विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी पुलिया की रैलिंग निर्माण की कार्रवाई नहीं हो रही है।
शिकायत के बाद भी मौन बैठा सिस्टम
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकातय स्थानीय लोग कई बार शासन-प्रशासन से कर चुके हैं। लेकिन अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। हालत यह है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पुलिया की स्थिति को देखने तक नहीं पहुंचे।

कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आमसौड़ के पास पुलिया की रैलिंग टूटने का मामला संज्ञान में है। शीघ्र पुलिया की रैलिंग को दुरुस्त करा दिया जाएगा। – अरविंद जोशी, अवर अभियंता लोनिवि एनएच खंड धुमाकोट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *