डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में बंड विकास औद्योगिक एवं किसान मेले के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने मेले के सफल संचालन हेतु सभी विभागों को परस्पर समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले को सफल एवं आकर्षक बनाने की बात कही।
जिलाधिकारी ने बंड विकास औद्योगिक एवं किसान मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को विभागीय स्टाल लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहन पार्किंग की सुव्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सकीय सुविधाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। बंड विकास संगठन पीपलकोटी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 20 से 26 दिसंबर 2025 तक पीपलकोटी में बंड विकास, औद्योगिक, पर्यटन एवं किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में औद्योगिक, पर्यटन व कृषि से जुड़े स्टॉलों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वाद-विवाद, मार्च पास्ट तथा छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की औद्योगिक, पर्यटन एवं कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है। अत: सभी विभाग मेले की तैयारी समयबद्ध रूप से पूर्ण करें ताकि मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी के के पंत, मुख्य शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित बण्ड विकास संगठन से आये संरक्षक शम्भू प्रसाद सती, अतुल शाह, अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, महामंत्री हरीश पुरोहित एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।