कुलपति व उच्च शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डा. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय महाविद्यालय के छात्र संघ प्रतिनिधियों ने श्रीदेव सुमन विवि पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। इस बात से आक्रोशित छात्र संघ प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय गेट पर प्रदर्शन किया और श्रीदेव सुमन विवि कुलपति व शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन विवि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। विश्वविद्यालय में इस समय प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। लेकिन विवि प्रशासन लगातार परीक्षा तिथि बदल रहा है, जिसकी सूचना छात्र-छात्राओं तक समय से नहीं पहुंच पा रही है। इस कारण कई छात्र परीक्षा से वंचित रह गये हैं वहीं कई छात्र परीक्षा न होते हुए भी परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। दूसरी और विवि तृतीय सेमेस्टर का कोर्स पूरा न होने के बाद भी 15 दिसंबर से परीक्षा आयोजित कर रहा है, जो छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। चेतावनी दी कि इस संबंध में विवि द्वारा कोई सकारात्मक कार्रवाई न करने पर आंदोलन तेज किया जायेगा। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, तनिष्क डबराल, अजय कुमार, विकास कुमार, संजय सिंह और सुदर्शन सिंह सहित अन्य छात्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *