जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बाघ सहित अन्य जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभााग व भारतीय सेना ने अभियान चलाया। गांव के आसपास झाड़ियों का कटान करते हुए ग्रामीणों को जानवरों से बचाव के तरीके बताए गए।
बुधवार को रिखणीखाल के ढौंटियाल व सेंधीखाल क्षेत्र में झाड़ियों का कटान किया गया। इस अभियान में गांव के ग्रामीण भी अपना योगदान दे रहे हैं। दरअसल, रिखणीखाल के विभिन्न गांव में इन दिनों जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आए दिन ग्रामीणों को बाघ गांव के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में गांव के आसपास बाघ की धमक रोकने के लिए वन विभाग व सेना की ओर से झाड़ियों के कटान का अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में आसपास के ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को जंगली जानवरों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। बताया कि कहीं भी आबादी में जंगली जानवर दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। कई बार जानवर घरों के आसपास झाड़ियों में छिप जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को अपने घर के आसपास भी झाड़ियों का कटान करना चाहिए।