ऋषिकेश। राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र की ओर से शनिवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में वित्तीय प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने युवाओं को वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग, बीमा, साइबर क्राइम और धोखाधड़ी से बचने की जानकारियां दी गईं। कार्यशाला में भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम संजय कुमार ने कहा कि किसी भी दशा में सबसे पहले अपना ओटीपी तथा पिन कोड किसी से भी शेयर ना करें। वित्तीय लेनदेन के लिए ऑनलाइन सेवा का प्रयोग किया जा सकता है। इसके लिए सबसे सुरक्षित है कि हम अपना ओटीपी और पिन कोड सुरक्षित रखें, उसको किसी भी प्रकार से शेयर ना करें तथा समय-समय पर अपना बदलते रहे। उन्होंने बैंकिंग, डिजिटल सेवा, भुगतान, बीमा निवेश, सेवानिवृत्ति एवं निवृत्ती वेतन धोखाधड़ी, साइबर क्राइम आदि विषय में विस्तृत रूप से समझाया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग से संबंधित जानकारी आज की जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं में आती है। यदि हम उसे अनभिज्ञ हैं तो हम कहीं पर भी धोखा खा सकते हैं। प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने वित्तीय व्यवस्था का संपूर्ण प्रबंधन और आज की दौड़ भाग वाली जिंदगी में इसे व्यवस्थित रखने की जानकारी दी। कहा कि विकास के दौर में सभी सतर्क रहेंगे, तभी अपने पैसे का सदुपयोग कर सकेंगे तथा हेराफेरी और धोखाधड़ी से बच सकेंगे। मौके पर आशीष चार्ल्स, सुरेश बलोदी, नरेंद्र सिंह रावत, विजयपाल सिंह, दिवाकर नैथानी, हरेंद्र राणा, सुशील रावत, सुशील सैनी, रेखा पंवार, रेखा बिष्ट, मोनिका रौतेला, सरोज लोचन, शीला राणा, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, राजेश नेगी, कमलेश्वर प्रसाद नौटियाल, बलबीर सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।