कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के घर में घुसकर उपनल कर्मचारियों ने दिया धरना

Spread the love

देहरादून। उपनल कर्मचारी महासंघ ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास के भीतर घुस कर धरना दिया। परिसर में बने टीन शेड के नीचे बैठ कर धरना दिया गया। नाराज कर्मचारियों की कैबिनेट मंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई। इससे नाराज कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी कर आक्रोश जताया। तय शुदा कार्यक्रम के तहत उपनल कर्मचारी महासंघ से जुड़े कर्मचारी कैंट रोड स्थित कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास पर पहुंचे। गेट पर सुरक्षा कर्मी के न रोकने पर कर्मचारी सीधे अंदर प्रवेश कर गए। कर्मचारियों ने टीन शेड के नीचे बैठ धरना शुरू कर दिया। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने एतराज जताया। सुरक्षा कर्मियों ने परिसर से बाहर जाकर धरना देने के लिए कहा, लेकिन उपनल कर्मचारी नहीं माने। धरना बाहर देने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई। महासंघ पदाधिकारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि दो दो कैबिनेट मंत्रियों ने धरना स्थल पर आकर उपनल कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया था। आश्वासन दिया था कि जल्द उनकी मांगों का निस्तारण किया जाएगा। नियमितीकरण समेत समान काम का समान वेतन दिया जाएगा। बावजूद इसके अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। कई कैबिनेट बैठकें निकल चुकी हैं। इसके बाद भी अभी तक उपनल कर्मचारियों के मसले को कैबिनेट में नहीं रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *