श्रीनगर गढ़वाल : कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नगर निगम सभागार में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान पेयजल, कूड़े, नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को लोगों ने कैबिनेट मंत्री के सम्मुख रखा। अधिकतर समस्याओं का निस्तारण मौके पर किया गया। साथ ही संबंधित विभाग से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
शनिवार को आयोजित जनता दरबार में पानी का मुद्दा गरमाया रहा। श्रीकोट और स्वीत गांव के स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सामने पानी की समस्या रखी। श्रीकोट निवासी हरीश जुगरान ने कहा कि श्रीकोट गंगनाली क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी रहती है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जल संस्थान को शिकायत की है। वहीं स्वीत गांव की क्षेत्र पंचायत सदस्य उषा देवी ने कहा कि स्वीत गांव में पानी की किल्लत के चलते ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने भटूली से स्वीत गांव तक पेयजल लाइन की मांग की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को जल्द जनता की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिये। कहा कि पेयजल संबंधित शिकायत दोबारा मिलती है तो अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने जल संस्थान के ईई को भटूली से स्वीत गांव तक पेयजल योजना का प्रस्ताव तत्काल देने को निर्देशित किया। बिलकेदार के निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संदीप रावत ने कहा कि बिलकेदार क्षेत्र में नगर निगम द्वारा मुर्गी की दुकान संचालित कर रहे लोगों का चालान किया जा रहा, उन्होंने ईडब्लूएस में एक नाली भूमी की बाध्यता को खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिलकेदार को नगर निगम में सम्मिलित करने के बाद से क्षेत्र में एक भी कूड़ा वाहन नहीं आ रहा है।। डा. बीपी नैथानी ने कहा कि लोग घरों का कूड़ा नालियों में डालकर शहर को प्रदूषित कर रहें है। उन्होंने शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। मौके पर कैबिनेट मंत्री डा. रावत ने नगर निगम के अधिकारियों को नगर क्षेत्र की समस्याओं का निस्तारण समय पर किये जाने के निर्देश दिये। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी इलागिरी, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नुपूर वर्मा, बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. अजेय विक्रम सिंह, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, सिविल सोयम के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र कुकरेती, सफाई निरीक्षण शशि पंवार समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। (एजेंसी)