सांसद तीरथ सिंह रावत के समक्ष रखी पुल निर्माण की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवा विकास समिति के बैनर तले लंगूरगाड नदी में पुल निर्माण की मांग को लेकर जुवा, भैड़गांव, बंगला व बोर गांव के ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। उधर, ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने देहरादून पहुंच सांसद तीरथ सिंह रावत के समक्ष अपनी बात रखी।
ग्रामीणों ने कहा कि नदी पर पुल निर्माण की मांग वे लगातार उठाते आए हैं, लेकिन अब तक कोई भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नदी पर पुल के न होने से उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। रास्ते में जंगली जानवरों का भय अलग से लगा रहता है, इसलिए नदी पर पुल का निर्माण अनिवार्य रूप से कराया जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में उप प्रधान जितेंद्र बिष्ट, अजय बिष्ट, आशा देवी, इंदू देवी, सरोजनी देवी, सुलोचना देवी, भागा देवी, अनिल बिष्ट, मोहित सिंह, मनोज कंडवाल, मातबर सिंह, धर्मपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, युवा समिति के अध्यक्ष मनोज कंडवाल व संचालक राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद तीरथ सिंह रावत से वार्ता की। प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें पुल निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानियों के बारे में अवगत करवाया। साथ ही उनसे पुल निर्माण के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने का भी अनुरोध किया। प्रतिनिधि मंडल में मान सिंह, मोहित सिंह व सतवीर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *