चमोली : एलपीजी सिलिंडर भरवाने में हो रही ई-केवाईसी की समस्या को देखते हुए जनप्रतिनिधि उपभोक्ताओं के सहयोग के लिए आगे आए हैं। जन-प्रतिनिधियों की ओर से नगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर काउंटर लगाकर लोगों की ई-केवाईसी करवाई जा रही है। कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत के कारण कई लोग परेशान हैं। विगत दिनों एजेंसियों के रसोई गैस के सिलिंडरों के ट्रक पहुंचने से जहां कुछ लोगों को राहत मिली है वहीं अधिकांश उपभोक्ता दिनभर लाइन में खड़े रहने के बावजूद ई-केवाईसी नहीं होने के कारण सिलिंडर नहीं ले पाए। ऐसे में उपभोक्ता सिमली और नारायणबगड़ गैस एजेंसियों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। उपभोक्ताओं की इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी सभासद विनीत रावत, चैतन्य बिष्ट और वंदना राणा तथा सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र राणा के सहयोग से नगर क्षेत्र में अलग-अलग काउंटर लगाकर अब तक भारत गैस के 104 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराई गई है। (एजेंसी)