भाजपा मेयर प्रत्याशी कार्यालय के उद्घाटन के साथ प्रचार शुरू

Spread the love

देहरादून। मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल के चुनाव कार्यालय का शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजय कुमार, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भाजपा महानगर कार्यालय में शुभारंभ किया। प्रदेश अध्यक्ष ने मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल संग दून के सभी 100 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के साथ बैठक भी की। इसके बाद चुनाव संचालन समिति और कोर ग्रुप की बैठक हुई। इसी के साथ भाजपा ने अपने मेयर व प्रत्याशी का चुनाव प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है। भाजपा महानगर कार्यालय में मेयर प्रत्याशी के कार्यालय में विविवत हवन पूजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से सभी 100 वार्डों में जीत के लिए पुरजोर तरीके से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यों को हर वार्ड, हर बूथ तक पहुंचाने की जरुरत है। कार्यकर्ताओं को जुटना होगा। पार्टी के मेयर प्रत्याशी को रिकार्ड तोड़ वोटों से जिताकर ही प्रदेश सरकार के कार्यों पर मुहर लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि मेयर और पार्षद के टिकट घोषित होने के बाद जिसके भी मन में जो मतभिन्नता रही हो उसे पीछे छोड़ आगे बढ़ने का समय है। संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि संगठन से मिले दिशा निर्देशों का अनिवार्य रुप से पालन किया जाए। मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने उन पर विश्वास जताने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने मेयर प्रत्याशी को शुभकामना देते हुए कार्यकर्ताओं से प्रचार में युद्ध स्तर पर जुटने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *