बंद हुआ प्रचार शोर, प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत

Spread the love

ऋषिकेश। नगर निकाय चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन शहर और आसपास के क्षेत्रों में प्रत्याशियों ने जगह-जगह शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा-कांग्रेस, यूकेडी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने रैलियां निकालकर प्रचार में अंतिम दिन ताकत झोंकी, जिससे सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से लेकर शाम क्षेत्र प्रचार और प्रत्याशियों की रैलियों में वोट अपील से गूंजता रहा। शहर में भाजपा के मेयर प्रत्याशी शंभू पासवान ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अंतिम रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जाटव भी जनसमर्थन के लिए मतदाताओं के बीच जुटे दिखे। निर्दलीय दिनेश चंद्र मास्टर ने अमितग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। यूकेडी प्रत्याशी महेंद्र सिंह भी मतदाताओं को पक्ष में लाने के लिए घर-घर जाते दिखे। सुबह से शुरू हुआ रैलियों और आयोजनों का सिलसिला शाम पांच बजे तक जारी रहा। इसमें प्रत्याशियों के प्रचार वाहनों की कान फोडू आवाज प्रचार के अंतिम और तेज सुनाई दी। पड़ोसी नगरपालिका मुनिकीरेती में भी भाजपा से अध्यक्ष प्रत्याशी बीना जोशी, कांग्रेस से उर्मिला राणा और निर्दलीय नीलम बिजल्वाण ने भी रैली निकाली। स्वर्गाश्रम नंगर पंचायत क्षेत्र भी कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी बिंदिया अग्रवाल के शक्ति प्रदर्शन व भाजपा प्रत्याशी हिमानी राणा के प्रचार से गूंजता रहा। प्रत्याशियों के अंतिम दिन प्रचार में ताकत झोंकने से शहर की सड़कें सुबह से लेकर शाम तक जाम रही। वाहन सवारों को प्रत्याशियों की रैलियों की वजह से दो-चार होना पड़ा। पुलिस को भी यातायात को नियंत्रित रखने में परेशानी पेश आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *