सात विद्यार्थियों का एक्सिस बैंक व पेटीएम में कैंपस सलेक्शन

Spread the love

कंपनी के सीनियर एचआर ने लिया साक्षात्कार, छात्रों ने मनाई खुशी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट्यूट ऑफ हास्पीटेलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) कॉलेज कोटद्वार में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) विषय में, अंतिम वर्ष की शिक्षा ले रहे 07 छात्र-छात्राओं का देश की जानी मानी कंपनी में चयन हुआ है। एक्सिस बैंक और पेटीएम कंपनी में नौकरी मिलने पर छात्रों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है।
बलभद्रपुर बीईएल रोड स्थित आईएचएमएस कॉलेज के कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी ने बताया कि कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट सेलेक्शन के तहत 02 फरवरी को एक्सिस बैंक की एचआर मैनेजर आशु माला और पेटीएम के एचआर मैनेजर रिया और तमन्ना कॉलेज में आए थे। उन्होंने पहले कॉलेज के सभागार में बीबीए के छात्र-छात्राओं को कंपनी की जानकारी दी और उनसे ऑनलाइन पंजीकरण कराया और इसके बाद साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर छात्र विकांशु तोमर, शिवम सिंह नेगी, रजत दानी, रोहित सिंह रावत, मनदीप रावत, सौरभ रावत, प्रियांशु कंडवाल और अभिषेक रावत को ऑपरेशन एंड सेल्स विभाग में विभिन्न पदों पर दो से तीन लाख के पैकेज का ऑफर लेटर दिए गए। उन्होंने कहा कि कॉलेज में क्षेत्र के युवाओं की बेहतरीन शिक्षा के लिए आधुनिक शिक्षा प्रणाली विकसित की गई है। जिसके कारण भारत सरकार की एजेंसी नेशनल एसेसमेंट काउंसिल (नैक) ने उन्हें बी ग्रेड की मान्यता दी है। नेक की रेटिंग मिलने के बाद अब देश की जानी मानी कंपनियां प्लेसमेंट के लिए आईएचएमएस आ रही हैं। कहा कि छात्र-छात्राओं के उज्वल भविष्य के लिए अन्य कंपनियों से भी अनुबंध किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *