चौथे दिन भी नहीं उठा कूड़ा, शहर में बढ़ा महामारी का खतरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। सफाई कर्मचारी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर है। जिस कारण चौथे दिन भी कूड़ा नहीं उठा। कई मोहल्लों में दुकानों के बाहर कूड़े के ढेर लगे रहे। मुख्य चौरहों पर कूड़े के ढेर लगे हुए है। तेज धूप में दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है तो संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। दुकानों के बाहर कूड़ा होने से ग्राहक मुंह मोड़कर जा रहे। नतीजतन, दुकानों पर सन्नाटा रहा।


कोटद्वार नगर निगम के सफाई कर्मचारी चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे। जिस कारण मालगोदाम रोड, गाड़ीघाट तिराहा, काशीरामपुर तल्ला मार्ग, आमपड़ाव, मीट मार्केट सहित अन्य स्थानों पर कूडे़ के ढेर लगे हुए है। हालात ऐसे ही कुछ दिन और रहे तो शहर में संक्रमण फैलना तय है। मालगोदाम रोड पर तो कूड़ा इतना अधिक फैल गया है कि दुकानों के पास तक ढेर लग गया है। यहां पर निगम की ओर से कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनाया गया है। पहले तो सुबह एक दो घंटे में कूड़ा उठा लेते थे, आज चार दिन से कूड़ा नहीं उठाया। दुकान खोलने पर मक्खियां भर जा रही हैं। नगर निगम के चालीस वार्डों से प्रतिदिन 65 से 70 टन कूड़ा उठता है। इस तरह से निगम क्षेत्र में करीब 260 टन कूड़ा एकत्रित हो गया है। कूड़े से उठ रही दुर्गंध से राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही है। यदि जल्द हड़ताल समाप्त नहीं होती है तो कूड़े से बीमारी फैलने की भी आशंका रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम के सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से सफाई कार्य पूर्ण रूप से बाधित हो गया है। शासन स्तर पर ही उनकी मांगों का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि किसी भी दशा में कूड़े को आम रास्तों, बाजार, गलियों में न फेंके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *