टी-20 अंतरराष्ट्रीय: महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली कप्तान और उनके आंकड़े

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में कप्तानी सिर्फ टॉस और रणनीति तक सीमित नहीं रही, बल्कि जीत की पहचान बन चुकी है। इस छोटे प्रारूप में कुछ कप्तानों ने अपने नेतृत्व, आक्रामक सोच और निर्णायक फैसलों से टीम को सबसे ज्यादा जीत दिलाकर इतिहास रचा है। दबाव के क्षणों में बेहतरीन नेतृत्व और निरंतर सफलता के दम पर इन कप्तानों ने महिला क्रिकेट में नई मिसाल कायम की है। आइए सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली कप्तानों पर नजर डालते हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर संयुक्त रूप से दो दिग्गज कप्तान हैं। हरमनप्रीत कौर और मेग लैनिंग ने इस प्रारूप में 76 जीतें दर्ज की हैं। हरमनप्रीत ने अब तक 130 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान टीम को 48 मुकाबलों में हार मिली है। 5 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। लैनिंग ने 100 मुकाबलों में कप्तानी की थी। वह सिर्फ 18 मुकाबले हारीं थी। 5 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हीथर नाइट इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए 96 मुकाबलों में कप्तानी की थी। इस दौरान टीम को 71 मैच में जीत मिली थी। इंग्लैंड को 23 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। 1 मैच टाई रहा और 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया था। उनकी कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत 73.95 का रहा है।
इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लोट एडवर्ड्स तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 2006 में पहली बार कप्तानी की थी। आखिरी बार वह कप्तान के रूप में 2016 में नजर आईं। उन्होंने 93 मुकाबलों में कप्तानी की और 68 मैचों में टीम को जीत मिली। 23 मुकाबलों में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। 1 मैच टाई रहा और 1 मुकाबले में कोई नतीजा नहीं निकल पाया। उनकी कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत 73.11 का रहा है।
थाइलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नरूमोल चाइवई 55 जीत के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 79 मैचों में अपनी टीम के लिए कप्तानी की है। 23 मैच में उनकी टीम को हार का सामना भी करना पड़ा है। इसके अलावा 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। उनकी कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत 69.62 का रहा है। चाइवई ने पहली बार 2021 में अपनी टीम की कप्तानी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *