विकासनगर()। बाइक सवार को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले कार चालक के खिलाफ थाना कालसी में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विनोद कुमार पुत्र स्व. दौलतराम, निवासी अतलेऊ कालसी ने तहरीर देकर बताया कि उसका छोटा भाई बिजेंद्र वर्मा 20 जून को तीन बजे असनोंग से खेरवा अपने घर का सामान खरीदने के लिए बाइक से जा रहा था। असनोंग से लगभग साठ मीटर आगे खेरवा की ओर से आ रही कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके भाई को पहले लेहमन अस्पताल, फिर महंत इंन्दिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण फिर उसे जौलीग्रांट अस्पताल और अब एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया कि इलाज के चक्कर में वह पहले तहरीर नही दे पाया। थानाध्यक्ष कालसी दीपक धारीवाला ने बताया कि तहरीर के बाद कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।