बाड़ेछीना-शेराघाट मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौत, एक घायल

Spread the love

अल्मोड़ा()। बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे कनारीछीना से सवारी छोड़कर जमराड़ी लौट रही ऑल्टो कार (संख्या यूके 01 1564) पावर हाउस के पास अनियंत्रित होकर लगभग 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जमराड़ी निवासी 34 वर्षीय महिपाल नेगी, पुत्र चंदन सिंह नेगी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन चालक नीरज सिंह गैड़ा, पुत्र राम सिंह निवासी बेदीबगड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिपाल नेगी अविवाहित था। दुर्घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *