विकासनगर। साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रविवार सुबह छह बजे बजे सैंज गांव निवासी सुनील और उनके अन्य दो साथी साहिया-क्वानू मोटर मार्ग से भूपऊ गांव में एक शादी समारोह में जा रहे थे। भूपऊ गांव के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार दुर्घटना की खबर पता लगने पर स्थानीय ग्रामीण दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन और 108 आपातकालीन वाहन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। इनमें से सुनील पुत्र आलमू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रवि पुत्र जाटिया और हिमांशु पुत्र सन्नी निवासीगण सैंज गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए सीएचसी साहिया लाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह तोमर ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे अस्पताल में दो घायलों को लाया गया था। इनको प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मृत व्यक्ति का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।