बेस अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट की सेवाएं शुरू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल: मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के टीचिंग बेस अस्पताल में बृहस्पतिवार से हृदय रोग सबंधी ओपीडी सेवा शुरू हो गई है। दून मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजिस्ट डा.अमर उपाध्याय यहां हर महीने के दूसरे सप्ताह बृहस्पतिवार को ओपीडी संचालित करेंगे। कार्डियोलॉजी सेवाओं के पहले दिन चार रोगियों ने अपनी जांच कराई। पहाड़ के रूद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी व टिहरी जिले के हृदय रोगियों को बेस अस्पताल में सेवाएं देने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत पहले चरण में महीने के दूसरे बृहस्पतिवार को दून के कार्डियोलॉजिस्ट यहां आकर हृदय रोगों की जांच करेंगे। साथ ही हर सप्ताह मेडिसिन विभाग के डॉक्टर भी हृदय रोग सबंधी जांच कर कार्डियोलॉजिस्ट से परामर्श के बाद उपचार दे सकेंगे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. सीएमएस रावत ने बताया कि बृहस्पतिवार से बेस अस्पताल में हृदय रोगियों के लिए ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है। फिलहाल महीने के दूसरे सप्ताह ही दून मेडिकल कॉलेज से यहां आकर ओपीडी संचालित करेंगे। कार्डियोलॉजिस्ट डा.अमर उपाध्याय ने कहा कि पहाड़ के हृदय रोगियों को बेस अस्पताल में ही उपचार की सुविधा के लिए ओपीडी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वह 2012 में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *