लापरवाह निगम, बदहाल पड़ा मालवीय उद्यान पार्क

Spread the love

निगम की ओर से मालवीय उद्यान में बनाया गया था इको पार्क
पार्क में उगी झांडियों व जगह-जगह रखे कबाड़ से बिगड़ रही सूरत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ माह पूर्व नगर निगम ने मालवीय उद्यान पार्क को इको पार्क के रूप में विकसित किया था। इसके लिए लाखों रुपये भी खर्च किए गए थे। लेकिन, वर्तमान में यह पार्क बदहाल हो चुका है। पार्क में अतिक्रमण के दौरान जब्त किए गए सामान को डंप किया जा रहा है।
बच्चों व बुजुर्गों के साथ ही आमजन के लिए नगर निगम परिसर के समीप पार्क बनाया गया है। कुछ माह पूर्व नगर निगम करीब ने डेढ़ लाख की लागत से इसे इको पार्क के रूप में विकसित किया था। पार्क में जगह-जगह निरूपयोगी वस्तुओं से विभिन्न आकृति भी बनाई गई। शुरुआत में बकायदा इसके लिए बच्चों और अन्य लोगों को भी जागरूक किया गया था। निगम ने बच्चों को बताया था कि किस तरह वह अपने घर से निकलने वाले निरूपोगी सामान का उपयोग बेहतर तरीके से कर सकते हैं। लेकिन, कुछ समय पार्क की देख-रेख करने के बाद निगम ने इसकी सुध लेना ही बंद कर दिया। नतीजा आज यह पार्क बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। पार्क में एकत्रित कबाड़ से बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी राहुल कुमार, रवि सिंह ने बताया कि पार्क में एकत्रित कबाड़ को हटाने के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। यही नहीं नगर निगम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने रामलीला पार्क को भी अपने भारी वाहनों की पार्किंग बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *