अपने व्यापार की चिंता, सड़क को बनाया पार्किंग

Spread the love

नियमों को ताक पर रख कर बनाए बनाए जा रहे कॉप्लेक्स
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में उद्यमियों ने बड़े-बड़े शापिंग कॉप्लेक्स तो खड़े कर दिए। लेकिन, इन शापिंग कॉप्लेक्स में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल, शापिंग कॉप्लेक्स में पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण यहां मौजूद दुकानों में पहुंचने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़कों पर खड़े करते हैं। जिस कारण यातायात के संचालन में व्यवधान आता है।
कोटद्वार में पिछले एक दशक में शापिंग कॉप्लेक्स, मॉल व बड़े रेस्टोरेंट की बाढ़ सी आ गई है। पहले ही अतिक्रमण की मार झेल रही सड़कों के किनारे खुले इन व्यवसायिक भवनों ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण अधिकांश ग्राहक सड़क पर ही अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। नजीबाबाद रोड, देवी रोड, बद्रीनाथ मार्ग सहित तमाम स्थानों पर पार्किंग की समस्या है। सड़क पर वाहन खड़े होने के कारण जहां वाहनों के संचालन में परेशानी होती है, वहीं आमजन लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

रेहड़ी-ठेली वालों का भी कब्जा
कोटद्वार के देवी रोड में माल व रेस्टारेंट के साथ ही रेहड़ी व ठेली वाले भी चुनौती बन रहे हैं। जगह-जगह सड़क पर बेतरतीब तरीके से रेहड़ी-ठेली घूमती रहती है। मोटरनगर में सड़क पर खड़े रेहड़ी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। पूर्व में हुए हादसों के बाद भी सरकारी सिस्टम इस समस्या को लेकर लापरवाह बना रहता है। अतिक्रमण को लेकर चलने वाला निगम का अभियान बाजार क्षेत्र से बाहर नहीं निकल पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *