जमीन कब्जे में विरोध में विवाद, दंपति पर केस

Spread the love

देहरादून)। राजपुर थाना क्षेत्र के ढाकपट्टी में एसडीएम कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद जमीन पर अवैध कब्जे और महिला से अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीवीए प्लेजेंट वैली निवासी निकिता खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ढाकपट्टी में उनकी कुल 1169 वर्गमीटर जमीन है। निकिता का आरोप है कि उनके पति अक्सर शहर से बाहर रहते हैं। जिसका फायदा उठाकर पड़ोसी प्रदीप चौधरी उनकी जमीन के दक्षिणी हिस्से पर जबरन कब्जा कर निर्माण करा रहे हैं। इस मामले में पीड़िता ने उपजिलाधिकारी के यहां गुहार लगाई थी। जिस पर छह दिसंबर को एसडीएम ने मौके पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। आरोप है कि सात दिसंबर को जब प्रदीप चौधरी के मजदूर दोबारा काम करने आए और निकिता ने उन्हें एसडीएम के आदेश का हवाला देकर रोका तो प्रदीप और उनकी पत्नी प्रीति चौधरी वहां आ धमके। आरोप है कि दंपति ने सरकारी आदेश को मानने से इनकार करते हुए निकिता के साथ जमकर गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रदीप चौधरी और प्रीति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *