रुद्रपुर(। सोमवार देर रात डंपर की चपेट में आने से हुई युवक की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में मृतक युवक के फुफेरे भाई ने तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, सतीश पुत्र किशन लाल निवासी रम्पुरा वार्ड 22 ने बताया कि सोमवार देर रात बबलू पुत्र हेमराज निवासी काली मंदिर गली रम्पुरा वार्ड 7 पेट्रोल भरवाकर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गावा चौराहे पर पहुंचा, पीछे से आ रहे डंपर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी नंदलाल कोहली निवासी वार्ड 22 रम्पुरा ने हादसे को अपनी आंखों से देखने की बात कही है। युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया था। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।