धारदार हथियारों से दो लोगों पर हमले के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा

Spread the love

विकासनगर। जुड्डो से अपने घर खोदरी माजरी पांवटा साहिब जाते समय एक मोटरसाइकिल सवार से चौपहिया वाहन को हल्की सी टक्कर लग गई। इससे चौपहिया वाहन में सवार दो लोगों ने मोटरसाइकिल सवारों पर धारदार हथियारों से हमला कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। पीड़ितों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पीड़ित कोर्ट की शरण में गए। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रघुवीर सिंह पुत्र स्व. सुन्दर सिंह निवासी ग्राम खोदरी माजरी, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश ने तहरीर देकर बताया कि वह और विक्की ठाकुर पुत्र मेहर सिंह जुड्‌डो में अपनी दुकान चलाते हैं। दोनों सुबह दुकान आते हैं और शाम को वापस अपने गांव जाते हैं। बातया कि 22 अक्तूबर को जब वह वापस जा रहे थे तो डुमेट गांव में रात करीब पौने नौ बजे पुल के पास सफेद रंग की गाड़ी खड़ी थी। इसमें केदार सिंह और सन्तराम नाम के दो व्यक्ति बैठे थे। उन्होंने गाड़ी का दरवाजा खोल रखा था। वह दोनों मोटरसाइकिल को दरवाजे से बचाते हुए साइड से निकल रहे थे, तभी अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। इसके कारण गाड़ी पर मामूली साइड लग गई। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी से उतरकर उनके साथ साथ गाली-गलौच की। उन्होंने वहीं होटल से 6-7 लोगों को बुलाया और उन सभी ने मिलकर उनके ऊपर तेज धारदार हथियार, खुखरी और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई। विक्की ठाकुर का एक कान तेज धारदार हथियार से कट गया। जबकि उनका जबडा भी टूट गया। बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश के बाद तीन महीने बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *