पूर्व बार उपाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Spread the love

काशीपुर। सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी के बेटे ने अपने तहेरे भाई एवं बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। नवी मुंबई निवासी पूर्वीश जैन ने कहा है उसके पिता रिटायर्ड आईआरएस हुकम चंद जैन के स्वामित्व का काशीपुर रोड पर एक बाग है। इसका कुछ हिस्सा उसके पिता ने उसके नाम कर दिया है। यह संपत्ति सिविल न्यायालय के आदेश से वर्ष 1993 को उसके परिवार के हिस्से में आई थी। तभी से उसके पिता इस संपत्ति पर काबिज हैं और संपत्ति के स्वामी हैं। बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष रवीश जैन उनकी संपत्तियों पर नाजायज कब्जा करने की नीयत से कार्य में बाधा डालता रहता है। कुछ दिन पूर्व भी आरोपी ने उसकी दुकानों पर नाजायज कब्जा करने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों का शांति भंग में चालान किया था। बताते हैं 26 अप्रैल को आरोपी बाग के अंदर घुसकर वीडियो बनाने लगा। वहां पर पड़े सामान को ले जाने कोशिश करने लगा। आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूर्व बार उपाध्यक्ष ने हरे पेड़ काटने का आरोप लगाया
बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष रवीश जैन ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है पूर्वीश जैन और उसके पिता ने आम बाग के हरे पेड़ों को काट दिया है। इसकी शिकायत उसने डीएफओ से की थी। शिकायत पर उसे आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। जबकि वन रेंजर काशीपुर ने रिटायर्ड आईआरएस के नाम से पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *