भूमि विवाद मामले में चौकी इंचार्ज समेत छह पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

रुद्रपुर। भूमि विवाद के मामले में न्यायालय प्रथम अपर सिविल जज के आदेश पर पुलिस ने संबधित पुलिस चौकी इंचार्ज समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है। राजपाल सिंह पुत्र दुल सिंह निवासी वार्ड 36 चुरू राजस्थान वर्तमान निवासी ग्राम गंगापुर चमरान किच्छा ने कोर्ट को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह 74 वर्षीय वृद्घ व्यक्ति है एवं भूतपूर्व सैनिक है। उसकी पत्नी, साली एवं परिवार के लोगों के नाम ग्राम गंगापुर चमरान नजीमाबाद किच्छा में कुल 0़3840 हैक्टेयर भूमि एवं 3़6680 हैक्टेयर भूमि उसके रिश्तेदार शिवराज व ओमकार सिंह आदि के नाम दर्ज है। वहां उसने फसल बो रखी है। आरोप है कि बीती पांच दिसंबर 2021 सुबह सर्वजीत सिंह पुत्र चनन सिंह, प्रीतपाल सिंह पुत्र सर्वजीत सिंह, नन्द किशोर पुत्र हरपाल सिंह, भीम सिंह पुत्र नन्द किशोर निवासीगण ग्राम बखपुर किच्छा एवं छवेग सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी माता फार्म नजीमाबाद किच्छा अपने साथ तीन ट्रैक्टरों में हैरो जोड़कर खेत पर आ गए। उसके साथ गुंडे व बदमाश किस्म के कुछ लोग भी थे। वह राजपाल की भूमि में लगी सरसों की फसल को जबरन जोतने लगे। जब राजपाल ने विरोध किया तो नन्द किशोर, सर्वजीत सिंह, छवेग सिंह एवं उनके साथियों ने राजपाल के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट की। जिसके कारण वह घायल हो गया। अन्य लोगों ने मौके पर पहुंच कर राजपाल को बचाया। आरोपियों ने राजपाल को भूमि को छोड़ कर भाग जाने चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। राजपाल ने घटना की सूचना संबधित पुलिस चौकी इंचार्ज कैलाश चंद नगरकोटी को दी। आरोप है कि पुलिस चौकी इंचार्ज ने खेत में चल रहे ट्रैक्टरों को रोकने से मना कर दिया एवं पुलिस कर्मी राजपाल को पकड़ कर पुलिस चौकी ले गये एवं उसे नीचे बैठा दिया। इसके बाद उसे किच्छा कोतवाली में बैठाए रखा गया। शरीर में आयीं चोटों के कारण राजपाल का स्वास्थ्य खराब हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसका सीएचसी में उपचार कराया। राजपाल ने पुलिस चौकी इंचार्ज कैलाश चंद नगरकोटी पर भूमि पर कब्जा छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने छह घंटे तक हिरासत में रखने के बाद राजपाल को छोड़ा। राजपाल ने आरोप लगाया कि आरोपियों एवं पुलिस चौकी इंचार्ज के बीच दोस्ताना संबध है। इसलिए पुलिस ने कार्रवाही नहीं की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चौकी इंचार्ज समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *