देहरादून। मकान निर्माण के बकाया पैसे मांगने पर एक ठेकेदार के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि सेवलाकलां पटेलनगर निवासी ठेकेदार दिगपाल सिंह ने तहरीर दी। बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2023 को सुरेश चंद्र निवासी मेनफेयर कॉलोनी (पंजाबी कॉलोनी) के मकान निर्माण का एग्रीमेंट किया। एगीमेंट 68.45 लाख रुपये तय हुआ। निर्माण के दौरान 8 लाख रुपये का अतिरिक्त कार्य भी कराया गया। कुल भुगतान 76.42 लाख रुपये होना था। सुरेश चंद्र ने केवल 60 लाख रुपये का भुगतान किया। आरोप है कि सुरेश चन्द्र पर अब भी 16.50 लाख रुपये बकाया हैं। इसके अलावा सुरेश के दोस्त नरेंद्र सिंह भण्डारी निवासी प्रेमनगर ने भी पीड़ित से मकान बनवाया था, जिस पर लगभग 27 लाख रुपये बकाया हैं। पीड़ित दिगपाल सिंह ने बताया कि कर्ज लेकर और पत्नी के जेवर गिरवी रखकर उन्होंने काम पूरा किया। जब वह 24 सितंबर 2025 को अपने दोस्त नवाब अली के साथ सुरेश चन्द्र के घर पैसे मांगने गए, तो वहां मौजूद सुरेश और नरेन्द्र सिंह ने उनके साथ मारपीट की। इंस्पेक्टर सीबीएस अधिकार ने बताया कि शुरुआत जांच के शनिवार को शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।