मारपीट मामले में दो पर केस दर्ज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कोतवाली पौड़ी क्षेत्र में एक व्यक्ति को दो लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल के पुत्र की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी व उसके अज्ञात दोस्त पर मारपीट व जान से मारने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल पौड़ी गोविंद कुमार ने बताया कि 5 जनवरी की रात को अपर बाजार निवासी अब्दुल गफ्फार का पौड़ी बस अड्डे स्थित एक होटल के पास दो युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान अब्दुल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उन्हें पौड़ी के जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए लाया गया। जहां से उन्हें चिकित्सकों ने हायर सेंटर श्रीनगर के लिए रेफर कर दिया। अब मामले में अब्दुल के पुत्र आशीम ने पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिजवान और उसके अज्ञात दोस्त के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि आरोपी पौड़ी के ही रहने वाले हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *