जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नैनीडांडा प्रखंड के जनता इंटर कालेज नैनीडांडा के दो पीटीए शिक्षकों पर विद्यालय की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। इधर, विद्यालय की प्रबंधन समिति ने दोनों शिक्षकों को विद्यालय से बाहर कर दिया गया है। दूसरी ओर, पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
क्षेत्रीय निवासी एक व्यक्ति की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि उनकी पुत्री जइंका नैनीडांडा में अध्ययनरत है। बताया कि बीते वर्ष बीती 31 दिसंबर को भौतिक विज्ञान की प्रयोगशाला में समान संभालने के बहाने से भौतिक विज्ञान के एक पीटीए शिक्षक ने उनकी पुत्री को रोका और उससे छेड़छाड़ की गई। पुत्री के विरोध करने पर शिक्षक ने उसे फेल करने की धमकी भी दी। बताया कि इस घटना से दो दिन पूर्व नागरिक शास्त्र के पीटीए शिक्षक विनोद सोनी ने भी उनकी पुत्री से इसी प्रकार का व्यवहार किया। तहरीर में दोनों शिक्षकों पर बुरी दृष्टि रखने का आरोप लगाया। कहा कि शिक्षकों की इन्हीं हरकतों के कारण उसकी पुत्री की असामान्य स्थिति में थी। बीती 22 जनवरी को पुत्री की ऐसी स्थिति देख उससे पूछा तो पूरी बात सामने आई। इधर, धुमाकोट थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर शिक्षक विजय कुमार और विनोद सोनी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। दूसरी ओर, छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति ने दोनों शिक्षकों को विद्यालय से बाहर कर दिया है। विद्यालय के प्रबंधक रमन मधवाल ने बताया कि विजय कुमार को विद्यालय में सेवाएं देते हुए 12 वर्ष हो चुके हैं, जबकि विनोद सोनी को दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। बताया कि दोनों के खिलाफ पूर्व में कोई शिकायत नहीं मिली। बताया कि इस शिकायत के बाद दोनों शिक्षकों को विद्यालय से हटा दिया गया है। बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है पुलिस जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।