जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सत्याखाल-पौड़ी मोटरमार्ग पर डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ लापरवाई, तेजी से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के अवर उप निरीक्षक रवींद्र भंडारी ने बताया कि मामले में वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को इडवालस्यूं विकास समिति के पदाधिकारियों ने घायलों की मां के साथ कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कौडला गांव निवासी पुष्पा देवी ने कहा है कि बीती 22 नवंबर को उनके दोनों बेटे ध्रुव नैथानी और सौरभ नैथानी गांव से स्कूटी से पौड़ी आ रहे थे। इसी दौरान सिरोली गांव के बस स्टॉप के समीप नेपाली मूल के डंपर चालक ने वाहन बैक करते समय दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय ध्रुव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। साथ ही घटना के बाद से ही डंपर चालक फरार चल रहा है। उन्होंने आरोपी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इडवालस्यूं विकास समिति के अध्यक्ष भाष्कर बहुगुणा, पूर्व प्रमुख पौड़ी मुकेश नेगी, शैलेंद्र नौटियाल, अमन नौटियाल, अनिल गुसाईं, सोहन सिंह रावत आदि ने कोतवाल और परिवहन विभाग के आरआई से मुलाकात कर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। आरोप लगाया कि प्रशासन नियमों को ताक पर रखकर नेपाली मूल के व्यक्तियों के लाइसेंस जारी कर रहा है। उन्होंने सभी नेपाली मूल के वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की मांग उठाई है।