-कोविड कफ्र्यू मानको का उल्लंघन व राजस्व पुलिस से अभद्रता करने का है आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। तहसील पौड़ी के राजस्व क्षेत्र पैडुलस्यूं-चार में कोविड कफ्र्यू मानको का उल्लंघन व राजस्व उपनिरीक्षक से अभद्रता करने के आरोप में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राजस्व पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बुधवार को कोविड कफ्र्यू के दौरान परसुंडाखाल बाजार में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रछूली विनोद सिंह बिना मास्क पहने घूम रहे थे। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम ने उन्हें मास्क के उपयोग किए जाने को कहा। जिस पर वे टीम के सदस्य से उलझ गए। देखते ही देखते पैडुलस्यूं-चार क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक महावीर सिंह व विनोद सिंह के बीच कहासुनी हो गई। विनोद सिंह पर आरोप है कि उन्होंने राजस्व उपनिरीक्षक के साथ मारपीट करने के साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। राजस्व उपनिरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद सिंह के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने की धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।