गंगा किनारे किशोर की हत्या मामले में केस दर्ज, तीन दोस्तों से पूछताछ

Spread the love

हरिद्वार()। कनखल क्षेत्र में गंगा किनारे किशोर की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने रविवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। झाड़ियों में मिले शव के सिर पर गहरी चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, बीते शनिवार की शाम सूचना मिली कि श्रीयंत्र मंदिर घाट के सामने गंगा किनारे झाड़ियों में किशोर का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान कुणाल (15) पुत्र रोहितास निवासी लक्सर हाल निवासी लाटोवाली कनखल के रूप में की। पुलिस जांच में सामने आया कि कुणाल कढ़ी-चावल की दुकान पर काम करता था। वह शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। किसी भारी वस्तु से किया गया था वार पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति और सिर पर गंभीर चोट के निशान देखकर आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु, संभवतः पत्थर से वार कर किशोर की हत्या की गई। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारण पता चल सकेंगे। किशोर के तीन दोस्त पुलिस हिरासत में दूसरी तरफ, पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में कुछ परिचितों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके चलते मृतक के तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *