सोशल मीडिया पर जाति सूचक शब्द इस्तेमाल के मामले में मुकदमा दर्ज

Spread the love

पाबौ ब्लॉक में लोक कलाकार पर की थी जाति सूचक टिप्पणी
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिले के पाबौ पुलिस चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणी करना भारी पड़ गया। चौकी क्षेत्र के एक लोक कलाकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर जातिसूचक टिप्पणी की थी। पुलिस ने लोक कलाकार की शिकायत पर जाति सूचक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सीओ सदर पीएल टम्टा ने शुरु कर दी है।
सीओ सदर ने बताया कि पाबौ पुलिस चौकी क्षेत्र के कोठली गांव निवासी लोक कलाकार दिनेश भारती ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर बेटे के जन्म होने की पोस्ट शेयर की थी। जिस पर क्षेत्र के उमेश नेगी ने लोक कलाकार के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की। साथ ही लोक कलाकार की पत्नी के खिलाफ अश्लील शब्दों का उपयोग भी किया था। विगत दो सितंबर को लोक कलाकार दिनेश भारती ने पाबौ पुलिस चौकी पहुंच कर मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत में उन्होंने कहा कि बतौर लोक कला के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहा हूं। आज तक किसी ने भी इस तरह की अपमान जनक टिप्पणी कभी नहीं की। एक ओर वे पुत्र के जन्म को लेकर खुश था। लेकिन एक व्यक्ति ने मेरे परिवार को सोशल मीडिया जैसे सार्वजनिक प्लेटफार्म पर जातिसूचक टिप्पणी व अश्लील शब्दों का उपयोग कर मानसिक रुप से आघात पहुंचाया है। साथ ही समाज में मेरी छवि को धूमिल करने का काम भी किया है। दिनेश भारती ने पुलिस से मामले में जल्द शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाए जाने की मांग की है। वहीं लोक कलाकार के समर्थन में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कोली राजा व अनुसूचित जाति जनजाति के अखिल भारतीय परिसंघ के उत्तराखंड युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने डीएम व एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में अब एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल पौड़ी विनोद गुसांई ने बताया कि सोशल मीडिया पर लोक कलाकार के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने व कलाकार की पत्नी के खिलाफ अश्लील शब्दों का उपयोग करने वाले उमेश नेगी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *