श्रीनगर गढ़वाल : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। श्रीनगर स्थित गुरूराम राय पब्लिक स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। केंद्र के बाहर छात्र-छात्राओं में उत्साह के साथ हल्की चिंता भी देखने को मिली। इस केंद्र पर रेनबो पब्लिक स्कूल, सेमफोर्ड स्कूल और देवभूमि स्कूल के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन हाईस्कूल के 194 और इंटरमीडिएट के 32 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हाईस्कूल में गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड), जबकि इंटरमीडिएट में एंटरप्रेन्योरशिप का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। केंद्र पर समय से पूर्व परीक्षार्थियों की एंट्री कराई गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। (एजेंसी)