जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सीडीओ ने एनआरएलएम, ग्रामोत्थान परियोजना एवं उत्तराखंड प्रवासियों द्वारा गोद लिए गए गांवों में हुए कार्यों की समीक्षा की। सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अधूरे कामों को तत्काल से पूरा करने को कहा। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव की मूलभूत जरूरतों की सूची तैयार करें और उसे संबंधित प्रवासियों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्यों को किया जा सकेगा।
सीडीओ गिरीश गुणवंत ने प्रवासियों द्वारा गोद लिये गये गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व पर्यटन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। यमकेश्वर के द्यूली गांव में प्रवासी रवि जुगराण द्वारा गरीब छात्रों को छात्रवृत्ति दिये जाने की पहल शुरु की गई है। सीडीओ ने लखपति दीदी योजना में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने को कहा। जिले में 18,960 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, अब तक 17,087 महिलाओं का चयन हो चुका है। बीते तीन सालों में 12,771 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सीडीओ ने कहा कि सभी चयनित महिलाओं की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए और जिन महिलाओं के खाते नहीं खुले हैं, उनके खाते खुलवाए जाएं। ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि योजनाओं में लाभार्थियों का चयन अभी नहीं हुआ है, उन्हें 30 जून तक चयनित किया जाए। ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं की जानकारी दें ताकि वह इन योजनाओं से जुड़ सके।