सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर होगा श्रीकोट खेल मैदान का नाम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर स्थित श्रीकोट खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि श्रीकोट में बनाए जा रहे ऐतिहासिक खेल मैदान का आगामी आठ जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकार्पण करेंगे। इस खेल मैदान का नाम देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के बनने के बाद क्षेत्र में खेल से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि श्रीकोट में ऐतिहासिक जनसभा के दौरान लगभग एक लाख से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। कहा कि स्टेडियम में कोई खेल प्रतियोगिता होगी तो हजारों लोगों की बैठने की व्यवस्था रहेगी। श्रीकोट खेल मैदान में पुरुष, महिला शौचालय, बास्केटबॉल, वालीबॉल, फुटबॉल एवं 6 ट्रैक का मैदान भी रहेगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं भी हो सकेगी। डॉ. रावत ने बताया कि यह मैदान आने वाले समय में खेल प्रतिभाओं को उभारने के साथ-साथ श्रीनगर में होने वाली ऐतिहासिक जनसभाओं का गवाह भी बनेगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गिरीश पेन्युली, जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *