जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नए साल में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस की ओर से होटल संचालकों के साथ बैठक की गई। इस दौरान होटल संचालकों को विभिन्न निर्देश दिए गए। कहा कि नियमों का उल्लंघन होने पर होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लैंसडौन में पुलिस ने होटल यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कहा कि नववर्ष पर बड़ी संख्या में पर्यटक लैंसडौन सहित आसपास के क्षेत्र में घूमने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी तरह से कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सख्ती से कार्य करने की आवश्यकता है। विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को फोन करें। डीजे की ध्वनि आसपास के लोगों को परेशान न करें, इसका ध्यान रखें। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस ने होटलों का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन रमेश तनवार आदि मौजूद रहे।