जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि कुछ दिन बाद शहर में होली का त्योहार मनाया जाना है। इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली है। शहर में शांति व्यवस्थाएं बनी रहें इसके लिए आमजन को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
कोतवाली में व्यापारियों व अन्य लोगों की बैठक लेते हुए एएसपी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। संदिग्ध इलाकों में लगातार पुलिस की गश्त बनी रहती है। ऐसे में कुछ दिन बाद मनाए जाने वाले होली के त्योहार को लेकर भी पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली है। कहा कि शहर के जिन मुख्य स्थानों पर होलीका दहन होना है वहां दमकल के वाहन तैनात रहेंगे। अधिकारी भी समय-समय पर गश्त करते रहेंगे। किसी भी तरह से माहौल खराब करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में व्यापारियों व आमजन को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने लोगों को साइबर अपराध के प्रति भी जागरूक किया। कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति को अपने बैंक से संबंधित जानकारी न दें। किसी भी तरह से साइबर अपराध होने पर इसकी शिकायत पुलिस को दें। हमें अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना चाहिए।