हर्षोल्लास के साथ मनाया क्रिसमस-डे

Spread the love

-क्षेत्र के गिरजाघरों में आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र में क्रिसमस डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईसाई समुदाय के लोगों ने गिरिजाघरों में विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही एक दूसरे को उपहार बांटकर क्रिसमस डे की बधाई दी।
प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिवस पर क्षेत्र के मैथोडिस्ट चर्च और मृत्युंजय महागिरजाघर को लाइटों से सजाया गया। लोगों ने अपने घरों को रंगबिरंगी लड़ियों और फूलों से सजाया हुआ था। सुबह कैथोलिक और मैथोडिस्ट समुदाय के लोग गिरजाघरों में पहुंचे और उन्होंने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। विशप ने लोगों से प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। कहा कि हमें प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में रहने वाले गरीब व असहाय लोगों की मदद करनी चाहिए। मैथोडिस्ट चर्च में बच्चों ने विभिन्न गीतों की प्रस्तुति दी। फादर जानी व पादरी सीएम दानिएल ने लोगों से प्रभु यीशु मसीह के जीवन से शांति और सच्चाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा लेने की अपील की।

शाम को उमड़ी भीड़
क्रिसमस को लेकर मैथोडिस्ट चर्च और मृत्युंजय महागिरजाघर को विभिन्न लाइटों से सजाया गया था। चर्च की आकर्षक छटा को देखने के लिए शनिवार देर शाम तक क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मृत्युंजय महागिरजाघर में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी रही, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग बेस अस्पताल से कॉलेज रोड तक भारी जाम की स्थिति बनी रही। जाम खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *