बागेश्वर। शिक्षा विभाग ने नए शैक्षिक सत्र के लिए जनपद में निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण शुरू कर दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने सीईओ सभागार में छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रवेशोत्सव भी मनाया गया। सीईओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी विद्यार्थियों को सत्र के प्रारंभ में ही पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि वितरण कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुस्तक वितरण तेजी से जारी है।कपकोट और गरुड़ ब्लॉक के विद्यालयों में भी पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समय पर अध्ययन सामग्री मिल सके। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक कक्षा एक से आठ तक के 18,415 तथा कक्षा नौ से 12 तक के 1,004 छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का लाभ मिल चुका है। शेष विद्यार्थियों को भी शीघ्र ही पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी। विद्यालयों में पुस्तकें मिलने से छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है।राजूहा उड़खुली में प्रवेशोत्सवगरुड़। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, राजूहा उड़खुली में प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नए सत्र में आठ बच्चों ने कक्षा छह में प्रवेश लिया। सभी बच्चों का स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ फूलमाला पहनाकर किया गया तथा उन्हें पुस्तकें व कॉपियां भेंट की गईं। प्रधानाध्यापक शंकर टम्टा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ शिक्षक उमेश चंद्र जोशी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर निर्मला आर्य, दीपचंद कोहली और एसएमसी अध्यक्ष वीरेंद्र लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।