शिक्षा और व्यापार को प्रभावित कर रहे सेल बाजार, व्यापार मंडल हुआ मुखर

Spread the love

अल्मोड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने मेलों में लगने वाले सेल बाजारों के खिलाफ जिलाधिकारी से वार्ता की और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा। नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा के अध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि विद्यालयों में लगने वाले इन बाजारों से शिक्षा और स्थानीय व्यापार पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कभी इन मेलों का नगर का व्यापारी साल भर से बेसब्री से इंतजार करता था पर मेला समिति आज सिर्फ बाजार लगाना और उससे प्राप्त लाखों रुपए पर ही ध्यान दे रही है। इससे शिक्षा और व्यापार पर क्या प्रभाव पड़ रहा है कोई नहीं सोच रहा है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह ने बताया कि मेला स्थल पर स्टाल सभी जगह लगते हैं पर मेला स्थल से दूर बड़े बड़े बाजार लगाने को लेकर वह हमेशा ही खिलाफ रहे हैं और रहेंगे। इससे स्थानीय व्यापार तो प्रभावित होता ही है यातायात भी प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यालयों और नगर पालिका और प्रशासन पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए। व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से इस पर ठोस कदम उठाने के लिए कहा और यह भी कहा कि अगर कोई सुनवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल समस्त व्यापारियों को लेकर अल्मोड़ा की समस्त बाजार बंद करने का निर्णय लेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यहाँ ज्ञापन देने वालों में महिला उपाध्यक्ष जया साह, सचिव वकुल साह, अध्यक्ष सोमेश्वर आनंद बोरा, जिला मंत्री कैलाश जोशी, मुकेश जोशी आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *