सीमेंट से भरा पिकअप वाहन सुखरो नदी में गिरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि ।
कोटद्वार : कोटद्वार से सत्तीचौड़ जा रहा एक पिकअप वाहन सुखरो नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को नदी से बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बचा, उस पर मामूली खरोंच आई है।
कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार सुबह एक पिकअप वाहन कोटद्वार से सीमेंट लेकर सत्तीचौड़ जा रहा था। सुखरो नदी में उफान आने के कारण सड़क के नीचे के हिस्सा कट गया था। सुखरो पुल से नीचे उतरते हुए जैसे ही सीमेंट से भरा वाहन सत्तीचौड़ संपर्क मार्ग पर गया, मार्ग का नदी की ओर से हिस्सा ढह गया। जिससे वाहन भी नदी में गिर गया। वाहन के गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन चालक सिमलचौड़ निवासी विकास को नदी से बाहर निकाला। पुलिस प्रशासन ने लोगों से बरसात के सीजन में कच्चे रास्तों पर संभलकर चलने की हिदायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *