जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार आंदोलन चलाने के बाद आखिर कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिल ही गई है। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष व स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने इसी सत्र से एक महीने के अंदर केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा की। कहा कि वह क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि वह तीन वर्षों से विद्यालय की स्वीकृति के लिए लगातार प्रयासरत रही। शासन स्तर पर फाइल स्वीकृति की प्रक्रिया में थी, जिसमें अब सफलता प्राप्त हुई है। ये कोटद्वार वासियों के सामूहिक प्रयासों एवं आशीर्वाद का परिणाम है। कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना मगनपुर, किशनपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के भवन में की जाएगी। भूमि का नि:शुल्क हस्तांतरण पहले ही किया जा चुका है। विद्यालय में प्रारंभिक रूप से कक्षा 1 से 5 तक की प्रवेश प्रक्रिया आगामी 30 दिनों के भीतर पूर्ण कर, इसी शैक्षणिक सत्र से संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय विद्यालय संगठन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।