जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में करीब डेढ़ साल बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी की तैनाती हुई है। नवनियुक्त सीईओ अत्रेय सयाना ने शिक्षा परिसर पौड़ी पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। सीईओ ने कहा कि जनपद की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर शिक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बोर्ड परीक्षा के दौरान वन्यजीवों से छात्रों की सुरक्षा को लेकर जल्द विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग स्थानीय प्रशासन, पुलिस व वन विभाग के साथ समन्वय कर कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तिथियां तय हो चुकी हैं और 31 जनवरी को उत्तराखंड शिक्षा परिषद की ओर से तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। गौरतलब है कि जिले के तत्कालीन सीईओ दिनेश चंद्र गौड़ का जून 2024 में निदेशालय स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद डीईओ बेसिक नागेंद्र बत्र्वाल प्रभारी सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नवंबर 2025 में उन्हें संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति मिली थी, लेकिन नई तैनाती तक सीईओ का अतिरिक्त प्रभार उनके पास ही रहा।