पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल : गुरूवार से पावन चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो गया है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। पहले दिन भक्तों ने विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की आराधना की।
नवरात्र के दौरान दुर्गा सप्तशती का पाठ बेहद फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इसके पाठ से रोग, भय, बाधाएं और नकारात्मकता दूर होती है, जबकि सुख, समृद्धि और शक्ति की प्राप्ति होती है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के ज्वाल्पा देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सिद्धपीठ चंद्रबदनी में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री के पूजन के साथ घट स्थापना की गई। मुख्य पुजारी पं. राकेश भट्ट व पुरोहित पं. सुनील सेमल्टी ने भुनेश्वरी यंत्र का पूजन कर देवी भागवत पाठ की शुरुआत की। चंद्रबदनी मंदिर समिति अध्यक्ष आनंद भट्ट, सचिव बच्चीराम भट्ट, शक्ति प्रसाद भट्ट, भूपति भट्ट, शशि भट्ट आदि ने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की पूजाएं संपन्न कराईं। लोक वादक भारती दास व सोहनलाल ने भगवती के जागरों के साथ नौरता मंडाण की शुरुआत की। समिति के अध्यक्ष आनंद भट्ट ने बताया कि नवरात्र में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व भंडारे की व्यवस्था की गई है। (एजेेंसी)