पछुवादून में 97 मकान मालिकों का चालान

Spread the love

विकासनगर। आपराधिक वारदातों को रोकने और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगाम कसने के लिए पछुवादून पुलिस ने बुधवार को सत्यापन अभियान चलाया। विकासनगर कोतवाली, सहसपुर थाना व सेलाकुई थाना पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाते हुए किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 97 मकान मालिकों का चालान काटा। उसने नौ लाख सत्तर हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा कई संदिग्धों की थाने कोतवाली ले जाकर घंटों पूछताछ की। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने यहां रह रहे बाहरी प्रदेशों के लोगों का सत्यापन अभियान चलाया। जिसके लिए पुलिस की टीमें गठित कर नगर क्षेत्र के अंतर्गत कल्याणपुर, मदिनाबस्ती, पहाड़ीगली, लक्ष्मणपुर, कैनाल रोड, कस्बा बाजार में अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले चालीस मकान मालिकों का चालान काटकर चार लाख रुपये का कोर्ट चालान काटा। कोतवाली पुलिस ने पच्चीस किरायेदारों, पच्चीस लोगों का 81 पुलिस ऐक्ट में चालान काटकर छह हजार दो सौ पचास रुपये नगद वसूले। जबकि बीस संदिग्ध लोगों को कोतवाली विकासनगर ले जाकर पूछताछ की। वहीं सहसपुर पुलिस ने थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी के नेतृत्व में सहसपुर सहित रामपुर कला, चोई बस्ती, शंकरपुर हुकुमतपुर व आसपास के क्षेत्रों रहने वाले बाहरी प्रदेशों के लोगों का सत्यापन न करवाने पर 22 मकान मालिकों का चालान काटा है। जिन पर दो लाख बीस हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। जबकि दस संदिग्ध लोगों को सहसपुर थाना ले जाकर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। थाना सेलाकुई पुलिस ने भी थानाध्यक्ष शैंकी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों जमनपुर, पीठवाली गली, बायांखाली आदि क्षेत्रों में सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाहरी प्रदेशों के रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर पैंतीस मकान मालिकों का कोर्ट चालान काटा है। जिन पर तीन लाख पचास हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। जबकि करीब दो दर्जन संदिग्ध लोगों को थाने ले जाकर उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। सीओ विकासनगर भाष्कर लाल शाह का कहना है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर रोक लगाने व वारदातों को रोकने के लिए सत्यापन अभियान आवश्यक है, जिसे लगातार जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *