हल्द्वानी। हरियाणा के रहने वाले थार सवार पर्यटकों ने सोमवार रात नैनीताल रोड पर खूब हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने थार में सवार छह लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले गई। जहां माफीनामे के बाद पर्यटकों का चालान किया गया। कोतवाली पुलिस को सोमवार रात 11 बजे के आसपास सूचना मिली कि नैनीताल रोड पर बिना नंबर की एक थार कार तेज रफ्तार में लगातार चक्कर लगा रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो जजी कोर्ट के पास से हल्द्वानी की ओर आ रही थार को रोका गया। उसमें चालक समेत छह लोग सवार थे। सभी को तत्काल थाने लाया गया। यहां सबसे पहले उनकी एल्कोमीटर से जांच की तो पता लगा कि सभी नशे में हैं। पूछताछ में हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी पर्यटकों ने बताया कि वह नई थार से नैनीताल घूमने आए थे। नैनीताल के बाद वह भीमताल झील गए थे। देर रात वापसी के दौरान वह हल्द्वानी से हरियाणा की ओर लौट रहे थे। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने पर पुलिस अधिनियम में चालानी कार्रवाई की। तीन घंटे हवालात में बिठाने के बाद उन्हें छोड़ा और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि चालान के बाद पर्यटकों को छोड़ा गया।